बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक चौंकाने वाला धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां देश की सुरक्षा में तैनात एक आर्मी जवान को बैंकिंग सिस्टम के भीतर ही ठग लिया गया। घटना अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम ओडारसकरी की है, जहां रहने वाले जवान ने गुंडरदेही स्थित एक निजी बैंक में महज 2 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि, बैंक कर्मचारी रेखराम साहू ने दस्तावेजों में हेरफेर कर जवान के नाम पर 17 लाख रुपये का लोन स्वीकृत करवा दिया। लोन राशि खाते में आते ही आरोपी ने चालाकी से करीब 15.50 लाख रुपये किसी अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए। उस समय जवान की पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में थी, जिससे उसे इस धोखाधड़ी की भनक तक नहीं लगी।
आपको बता दें, इस मामले का खुलासा तब हुआ जब बैंक की ओर से लोन की बड़ी किस्त जमा करने का दबाव बनाया गया। जांच करने पर जवान को पता चला कि, उसने 2 लाख के बजाय 17 लाख का लोन ले रखा है। इसके बाद उसने तुरंत गुंडरदेही थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी बैंक कर्मचारी के खिलाफ धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह साफ है कि, यह सुनियोजित ठगी का मामला हो सकता है। इस घटना ने बैंकिंग सुरक्षा और भरोसे पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
