रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है। पश्चिम बंगाल दौरे से लौटने के बाद उन्होंने कहा कि, देश में अवैध घुसपैठ पर रोक लगाने के लिए जल्द ही ठोस और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि, घुसपैठ मुख्यतः पश्चिम बंगाल के रास्ते होती है, जहां पहले आवश्यक व्यवस्थाओं की कमी रही। अब केंद्र और राज्य स्तर पर समन्वय बढ़ाकर इस पर नियंत्रण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि, वहां की जनता बदलाव चाहती है।
डिप्टी सीएम ने पद्मश्री फूलबासन यादव के अपहरण मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि, एक महिला के जरिए उन्हें वाहन तक ले जाया गया, जिसके बाद घटना हुई। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है। वहीं, अमित शाह के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। सीएम विष्णु देव साय की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। इस दौरान जगदलपुर में होने वाली अहम बैठक की तैयारियों पर चर्चा होगी। सरकार का फोकस सुरक्षा, प्रशासनिक समन्वय और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर बना हुआ है।
