नई दिल्ली। साल 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ (Dhurandhar) का जादू अब भी दर्शकों के सिर चढ़कर बोल रहा है। फिल्म की दमदार कहानी और एक्शन के साथ-साथ इसके आइटम सॉन्ग “शरारत” ने सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यूट्यूब पर 599 मिलियन से ज्यादा व्यूज बटोर चुका यह गाना अब एक नए अवतार में इंटरनेट पर तहलका मचा रहा है। इस बार इस गाने को भोजपुरी फ्लेवर का तड़का मिला है, जिसे सुनकर सोशल मीडिया यूजर्स झूमने पर मजबूर हो गए हैं।
भोजपुरी कलाकार मृत्युंजय कुमार ने इस सुपरहिट ट्रैक को अपने अनोखे अंदाज में रिक्रिएट किया है। गाने की मूल धुन और बीट्स को बरकरार रखते हुए इसके बोलों में जो ‘भोजपुरी टच’ दिया गया है, वह इसे ओरिजिनल वर्जन से भी ज्यादा मजेदार बना रहा है। यही वजह है कि रिलीज होते ही यह वर्जन वायरल हो गया है। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो ने महज दो दिनों के भीतर 8 लाख से ज्यादा व्यूज और 56 हजार से ज्यादा लाइक्स हासिल कर लिए हैं। कमेंट सेक्शन में फैंस मृत्युंजय की गायकी और गाने के भोजपुरी रूपांतरण की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बॉलीवुड के गानों का भोजपुरी वर्जन बनाना कोई नई बात नहीं है, लेकिन ‘शरारत’ के इस रीमेक को जिस तरह का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसने पिछले कई रिकॉर्ड्स को खतरे में डाल दिया है। लोग इस वर्जन को न केवल देख रहे हैं, बल्कि इस पर जमकर रील्स भी बना रहे हैं। ‘धुरंधर’ फिल्म की लोकप्रियता ने इस गाने को पहले ही ग्लोबल हिट बना दिया था, और अब इस भोजपुरी तड़के ने इसे गांव-गांव तक पहुंचा दिया है। अब देखना यह होगा कि, यह भोजपुरी वर्जन यूट्यूब के बड़े रिकॉर्ड्स को कब तक चुनौती देता है।
