शिवलिंग पर पंचामृत अभिषेक के फायदे: जानिए इस उपाय से क्या-क्या लाभ मिलते हैं

Follow Us

धार्मिक मान्यताओं और शास्त्रों के अनुसार शिवलिंग का पंचामृत से अभिषेक अत्यंत शुभ और फलदायी माना गया है। पंचामृत, जो दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से मिलकर बनता है, इसे पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है। खासकर सावन मास में इसका महत्व और भी बढ़ जाता है। मान्यता है कि, इन पांच तत्वों का संबंध चंद्रमा से होता है, जो मन और भावनाओं को नियंत्रित करता है। जब इनसे शिवलिंग का अभिषेक किया जाता है, तो व्यक्ति के भीतर मौजूद नकारात्मक विचार धीरे-धीरे शांत होकर सकारात्मक ऊर्जा में बदलने लगते हैं। इससे मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन की प्राप्ति होती है।

धार्मिक ग्रंथों के अनुसार मनुष्य के भीतर काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे पांच विकार होते हैं, जो जीवन में दुख का कारण बनते हैं। पंचामृत से शिवलिंग स्नान इन विकारों को शांत करने का प्रतीकात्मक उपाय माना गया है। अलग-अलग सामग्रियों से अभिषेक के अलग-अलग लाभ बताए गए हैं- दूध से संतान सुख, दही से ऐश्वर्य और समृद्धि, घी से रोग निवारण, शहद से धन लाभ और कष्टों का नाश, तथा शक्कर से बुद्धि और समग्र कल्याण में वृद्धि मानी जाती है। पूजा विधि में पहले जल से अभिषेक किया जाता है, फिर क्रमवार पंचामृत अर्पित कर अंत में मंत्रों के साथ आराधना की जाती है। मान्यता है कि, यह विधि भक्त के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मकता लाने में सहायक होती है।