चंदौली। अलीनगर पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ मिलकर अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। वाराणसी–चंदौली मार्ग पर सिंधीताली पुल के पास की गई चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। जानकारी के अनुसार, ट्रक की तलाशी में लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 9031 लीटर शराब मिली, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपये आंकी गई है।
इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को पहले से ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए सूचना मिली थी कि, बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर भारी मात्रा में शराब की खेप भेजी जा रही है। इसके बाद अलीनगर थाना प्रभारी शरद गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने रणनीति बनाकर सिंधीताली पुल के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध ट्रक को रोका गया, चालक ने पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश करते हुए भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। ट्रक में 932 पेटियों में अलग-अलग ब्रांड की शराब पाई गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान निवासी जगदीश लोहार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि, वह पंजाब से सस्ती शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता था। उसने यह भी कबूल किया कि, भागने के दौरान उसने पुलिस पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को तस्करी नेटवर्क पर बड़ा झटका माना जा रहा है।
