नंबर-1 की जंग आज: हैदराबाद के सामने बड़ी चुनौती, पिच रिपोर्ट से लेकर हेड-टू-हेड तक जानें हर अपडेट

Follow Us

अहमदाबाद। आईपीएल 2026 का 56वां मुकाबला आज क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी फाइनल से कम नहीं होने वाला है। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच होने वाली यह भिड़ंत केवल दो अंकों की नहीं, बल्कि ‘नंबर-1’ की कुर्सी की लड़ाई है। वर्तमान में दोनों टीमें 11-11 मैच खेलकर 14 अंकों के साथ बराबरी पर हैं, लेकिन बेहतर नेट रनरेट के कारण हैदराबाद दूसरे और गुजरात तीसरे स्थान पर है। आज जो भी टीम जीतेगी, वह 16 अंकों के साथ आरसीबी को पछाड़कर सीधे पॉइंट्स टेबल के टॉप पर काबिज हो जाएगी।

अहमदाबाद के ऐतिहासिक मैदान की पिच की बात करें तो यहाँ हमेशा से ही बल्ले और गेंद के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। यह इस मैदान का 50वां आईपीएल मैच होगा। यहाँ टॉस की भूमिका बहुत ज्यादा निर्णायक नहीं रहती, क्योंकि पिछले 49 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 24 और लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने 25 बार जीत दर्ज की है। बड़ा मैदान होने के कारण यहाँ छक्के मारना थोड़ा चुनौतीपूर्ण होता है, जिससे बाउंड्री और विकेटों का रोमांच अंत तक बना रहता है। हालांकि 178 रन यहाँ का औसत स्कोर है, लेकिन इस सीजन गुजरात को 180 से ऊपर के लक्ष्य का पीछा करने में काफी पसीना बहाना पड़ा है।

हेड-टू-हेड आंकड़ों को देखें तो गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों के बीच हुए 6 मुकाबलों में से 5 बार गुजरात ने बाजी मारी है, जबकि हैदराबाद को सिर्फ एक जीत नसीब हुई है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात को राशिद खान और कगिसो रबाडा जैसे गेंदबाजों से उम्मीदें होंगी, वहीं पैट कमिंस की हैदराबाद ट्रेविस हेड और क्लासन की आतिशी बल्लेबाजी के दम पर अपना रिकॉर्ड सुधारना चाहेगी। शाम 7:30 बजे शुरू होने वाले इस महामुकाबले का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स और जियो-हॉटस्टार पर देखा जा सकेगा।