लगातार पांच दिन बैंक बंद, बोर्ड परीक्षा शुल्क जमा करने की समयसीमा बढ़ाने की मांग

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बोर्ड परीक्षा शुल्क और कक्षा 9वीं के पंजीयन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 30 सितंबर निर्धारित की है। इसी बीच 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने की स्थिति बन गई है। 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे, जबकि 28 से 30 सितंबर तक बैंक कर्मचारियों की हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में स्कूलों के पास मंडल के खाते में शुल्क जमा कराने के लिए कोई सामान्य बैंकिंग कार्यदिवस नहीं बच रहा है।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा के अनुसार, सितंबर में पहले से निर्धारित अवकाश के चलते स्कूलों के पास शुल्क संबंधी काम पूरा करने के लिए सीमित समय है। कई संस्थानों ने विद्यार्थियों से फीस एकत्र कर ली है, लेकिन बैंक बंद रहने के कारण उसे समय पर मंडल के खाते में जमा कराने में परेशानी आ रही है। उनका कहना है कि लगातार पांच दिन बैंक बंद रहने से पूरे प्रदेश के स्कूलों के सामने शुल्क जमा करने की समस्या खड़ी हो सकती है।

संजय शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से मामले को ध्यान में रखते हुए बोर्ड परीक्षा शुल्क और 9वीं के पंजीयन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने यह भी आग्रह किया है कि स्कूलों को फीस जमा करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि बैंक बंद रहने की वजह से किसी संस्था को परेशानी का सामना न करना पड़े।