कोरबा। छत्तीसगढ़ से बिहार जा रही एक यात्री बस उस समय चलती-फिरती डिलीवरी रूम बन गई, जब सफर के दौरान गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। बस में मौजूद महिला यात्रियों की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया गया। बाद में मां और नवजात को बलरामपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों की हालत स्वस्थ बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात तेज बारिश के बीच राजहंस बस कोरबा से पटना जा रही थी। बस में सवार गर्भवती महिला अपने पति के साथ सफर कर रही थी। अंबिकापुर पार करने के बाद रात करीब 11 बजे महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। स्थिति को देखते हुए चालक ने बस सड़क किनारे रोक दी।
बस में मौजूद महिला यात्री सुनती देवी और अन्य महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद बस बलरामपुर पहुंची, जहां करीब आधे घंटे बाद प्रसूता और नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। बताया जा रहा है कि महिला कोरबा की रहने वाली है और यह उसका पहला बच्चा है। घटना के समय बस में 30 से 35 यात्री सवार थे। सुरक्षित प्रसव के बाद यात्रियों ने खुशी जताई और कई लोगों ने परिवार की आर्थिक सहायता भी की।
