खतरों के खिलाड़ी 15 के विनर बने अविनाश मिश्रा, बोले- हार न मानना ही शायद असली जीत थी

Follow Us

मुंबई। स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ का खिताब अभिनेता अविनाश मिश्रा ने अपने नाम कर लिया है। रविवार को ग्रैंड फिनाले में रोहित शेट्टी ने उनके नाम की घोषणा की, जिसके बाद अविनाश भावुक हो गए। फाइनल मुकाबले में उन्होंने ऋत्विक धनजानी और ओरहान अवत्रामणि यानी ओरी को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की। कई महीनों तक मुश्किल स्टंट और चुनौतीपूर्ण टास्क से गुजरने के बाद ट्रॉफी हासिल करने के दौरान उनकी आंखों में खुशी के आंसू नजर आए। ऋत्विक धनजानी पहले और ओरी दूसरे रनर-अप रहे।

ट्रॉफी जीतने के बाद अविनाश ने अपनी इस उपलब्धि को लेकर रोहित शेट्टी से बातचीत की। उन्होंने बताया कि पिछले करीब 10 वर्षों के सफर में उन्हें अलग-अलग किरदारों के लिए कई बार नामांकन मिला और वह कई अवॉर्ड समारोहों का हिस्सा भी रहे, लेकिन यह पहली बार है जब उनके हाथ में कोई ट्रॉफी आई है। सोशल मीडिया पर जीत के पल साझा करते हुए उन्होंने अपनी सफलता को लगातार मेहनत करते रहने से जोड़ा। अविनाश ने लिखा कि 10 साल तक अपने सफर में टिके रहने के बाद आखिरकार पहली ट्रॉफी मिली और शायद कभी हार न मानना ही उनकी असली जीत थी।

इस सीजन की शूटिंग केप टाउन की पृष्ठभूमि में हुई और शो में ‘चैंपियंस बनाम चैलेंजर्स’ का फॉर्मेट देखने को मिला। इसमें पुराने और नए प्रतियोगियों के बीच मुकाबला कराया गया। सीजन में रुबिना दिलैक, ऋत्विक धनजानी, करण वाही और जैस्मीन भसीन जैसे नाम शामिल रहे, जबकि अविनाश मिश्रा, ओरी और रूहानिका धवन नए प्रतियोगियों में नजर आए। शो के विजेता बनने पर रोहित शेट्टी ने भी अविनाश के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया और उनकी मेहनत, ईमानदारी व समर्पण की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने हर स्टंट में अपनी सीमाओं को चुनौती दी और एक मिसाल कायम की है।