मुंबई। अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर की शादी का जश्न पूरे शबाब पर है। प्री-वेडिंग फंक्शन्स की खूबसूरत झलकियां लगातार सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं। इसी बीच अंशुला के कलीरा सेरेमनी का एक वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अर्जुन कपूर का रिएक्शन लोगों का दिल जीत रहा है। वीडियो में अंशुला पारंपरिक रस्म के तहत अपना कलीरा झटकती नजर आती हैं। आमतौर पर यह किसी अविवाहित लड़की पर गिरता है, लेकिन इस बार कलीरा सीधे अर्जुन कपूर पर आ गिरा। यह देखते ही पूरे परिवार में हंसी का माहौल बन गया, वहीं अर्जुन भी कान से कान तक मुस्कुराते नजर आए और उनकी खुशी साफ झलक रही थी।
पंजाबी शादी की परंपरा के अनुसार, अगर दुल्हन का कलीरा किसी पर गिर जाए तो माना जाता है कि अगली शादी उसी व्यक्ति की हो सकती है। इसी रस्म को लेकर परिवार के बीच हल्की-फुल्की मस्ती भी देखने को मिली। वीडियो शेयर करते हुए अंशुला ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “मैंने कभी किसी को कलीरा द्वारा चुने जाने के लिए इतना प्रतिबद्ध नहीं देखा! मेरा पसंदीदा हिस्सा? कलीरे ने जैसे अर्जुन से कहा- मुस्कुराओ!”
इससे पहले अंशुला ने अपने चूड़ा और कलीरा सेरेमनी की तस्वीरें भी शेयर की थीं। एक भावुक तस्वीर में वह अर्जुन कपूर को गले लगाकर रोती नजर आईं, जिसने भाई-बहन के मजबूत रिश्ते की झलक दिखाई। समारोह में जान्हवी कपूर, खुशी कपूर, शनाया कपूर, बोनी कपूर और सोशल मीडिया स्टार ओरी समेत कपूर परिवार के कई सदस्य शामिल हुए। पूरे समारोह में डांस, मस्ती और फैमिली बॉन्डिंग ने सभी का ध्यान खींचा।
