अरबाज खान का क्यूट फैमिली वीडियो वायरल, पत्नी शूरा और बेटी सिपारा के लिए किया खास डांस

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अरबाज खान का 59वां जन्मदिन इस बार बेहद खास अंदाज में मनाया गया। उनकी पत्नी शूरा खान ने सोशल मीडिया पर एक प्यारा सा वीडियो शेयर किया, जिसमें अरबाज अपनी पत्नी और नवजात बेटी सिपारा खान के लिए डांस करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस को काफी पसंद आ रहा है। शूरा खान ने वीडियो के साथ एक खूबसूरत बर्थडे नोट भी लिखा। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अरबाज का डांस करना कभी बंद नहीं होगा। उन्होंने लिखा, “मेरे लिए डांस करने से लेकर हमारी बेटी के लिए डांस करने तक, साफ है कि रिटायरमेंट कोई ऑप्शन नहीं है।”

वीडियो में अरबाज का एक और खास पल दिखाया गया है, जिसमें वह सर्जरी के बाद हॉस्पिटल बेड पर गाना गाते और डांस करते नजर आ रहे हैं। शूरा ने इस पल को याद करते हुए लिखा कि अरबाज ने उनकी जिंदगी को खुशहाल, मजेदार और कभी बोरिंग न रहने वाला बना दिया है। इस वीडियो में अरबाज खान को लता मंगेशकर के मशहूर गाने ‘मोहब्बत बड़े काम की चीज है’ पर डांस करते हुए भी देखा जा सकता है। जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए शूरा ने उन्हें अपना पसंदीदा इंसान और परिवार का सबसे बड़ा एंटरटेनर बताया।

अरबाज खान ने भी पत्नी के पोस्ट पर प्यार भरा कमेंट करते हुए लिखा, “मेरे सबसे अच्छे दर्शक। खुश पत्नी, खुश जिंदगी।” वहीं सोहेल खान के बेटे अरहान खान समेत कई सेलेब्स ने भी इस पोस्ट पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। मुनव्वर फारुकी, गौहर खान, रिधिमा पंडित और निमृत कौर अहलूवालिया समेत कई सितारों ने अरबाज को जन्मदिन की बधाई दी। बता दें कि अरबाज खान और शूरा खान ने 24 दिसंबर 2023 को एक निजी निकाह समारोह में शादी की थी। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘पटना शुक्ला’ के सेट पर हुई थी। इससे पहले अरबाज की शादी मलाइका अरोड़ा से हुई थी, जिनसे उनका एक बेटा अरहान खान है। अरबाज और शूरा अक्टूबर 2025 में बेटी सिपारा खान के माता-पिता बने थे। इस तरह अरबाज अब दो बच्चों के पिता हैं।