भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र से आज सुबह एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से $80$ वर्षीय एक सेवानिवृत्त शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पल भर में चीख-पुकार में बदल दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान हीरामणि साहू के रूप में हुई है, जो शिक्षा विभाग से रिटायर्ड थे। आज तड़के करीब 5 बजे वह किसी काम से रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे।

इसी दौरान भानुप्रतापपुर से रायपुर की ओर रवाना हो रही पैसेंजर ट्रेन की चपेट में वह आ गए। रफ्तार तेज होने के कारण उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और गंभीर चोटें आने की वजह से उन्होंने पटरी पर ही दम तोड़ दिया।बताया जा रहा है कि, हीरामणि साहू के घर में अभी कुछ ही दिन पहले शादी का एक मांगलिक कार्यक्रम संपन्न हुआ था। घर में मेहमान मौजूद थे और चारों तरफ जश्न और बधाई का माहौल था। लेकिन सुबह-सुबह बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही शादी की खुशियां गहरे मातम में डूब गईं। घटना की सूचना पर भानुप्रतापपुर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
