स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा का अपहरण कर गैंगरेप

Follow Us

अलवर। अलवर जिले में एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की कार को आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार पीड़िता एक सरकारी स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर से स्कूल के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में एक कार में सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों युवकों ने उसे जबरन कार में बैठाया, उसका मुंह बांध दिया और आंखों पर पट्टी लगा दी।

इसके बाद उसे सुनसान जगह पर एक कमरे में ले जाया गया। रास्ते में एक अन्य युवक को भी साथ लिया गया, जिसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर घटना को अंजाम दिया। रिपोर्ट के अनुसार तीनों आरोपियों ने नाबालिग के साथ बारी-बारी से गैंगरेप किया। इसके बाद उन्होंने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और उसे वायरल करने की धमकी दी। आरोपियों ने यह भी धमकी दी कि यदि किसी को बताया गया तो पीड़िता के भाई को जान से मार देंगे। दोपहर करीब 1 बजे आरोपी नाबालिग को उसके गांव के पास छोड़ने पहुंचे।

लेकिन वहां पहले से ही ग्रामीण और पीड़िता के परिजन मौजूद थे। भीड़ को देखकर आरोपी मौके पर अपनी कार छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों की कार को मौके पर ही आग के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जली हुई कार को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। पीड़िता के भाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बहन का अपहरण कर उसके साथ गैंगरेप किया गया है। इस रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों को नामजद किया गया है और उनकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।