पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने साथी के साथ पुलिस टीम पर की फायरिंग; जवाबी कार्रवाई में दीपक सिंह की मौत, दूसरा आरोपी फरार
अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में ASI हरजीत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी दीपक सिंह को तरनतारन के थांदा रोड इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस का कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।
पुलिस कमिश्नर हरमनवीर सिंह गिल के मुताबिक, शनिवार से ही शहर और आसपास के इलाकों में रेड अलर्ट के साथ नाकाबंदी की गई थी। पुलिस को संदिग्धों के इलाके में घूमने और किसी अन्य व्यक्ति को निशाना बनाने की सूचना मिली थी। इसी दौरान थांदा रोड नाके पर स्कूटी सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस का दावा है कि संदिग्धों ने रुकने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, पीछा करने के दौरान आरोपियों ने दोबारा गोलीबारी की। चार गोलियों में से दो पुलिस वाहन पर लगीं, जबकि एक गोली CIA टीम के जवान की छाती पर लगी। जवान ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में छह राउंड फायर किए, जिसमें दीपक सिंह घायल हो गया।
मुंबई के कोस्टल रोड पर बेकाबू BMW का कहर, 3 की दर्दनाक मौत; सुबह-सुबह टहल रहे लोगों को रौंदा
पुलिस कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि जांच में इस वारदात के तार पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलर्स से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, युवाओं को पैसे और नशे के कारोबार में हिस्सेदारी का लालच देकर अपराध के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच करा रही है।
पुलिस का यह भी दावा है कि ASI हरजीत सिंह को गोली मारने के बाद आरोपी घटनास्थल पर वापस आए और करीब 30-40 सेकंड का वीडियो बनाया, जिसे कथित तौर पर सीमा पार बैठे हैंडलर्स को भेजा जाना था। इस दावे की पुष्टि के लिए पुलिस CCTV फुटेज और मोबाइल डेटा की जांच कर रही है।
इस बीच, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने ASI हरजीत सिंह की हत्या को दुखद बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पंजाब में हुई विभिन्न घटनाएं कानून-व्यवस्था की कमजोरियों को सामने लाती हैं और इसे बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
