मुंबई की बारिश से अमिताभ बच्चन का ‘जलसा’ भी प्रभावित, बंगले के बाहर जलभराव का वीडियो वायरल

Follow Us

मुंबई। मायानगरी मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मशहूर बंगले ‘जलसा’ पर भी देखने को मिला है। जुहू स्थित उनके बंगले के बाहर जलभराव का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बारिश का पानी प्रॉपर्टी के कुछ हिस्सों तक भी पहुंच गया है। वायरल वीडियो में ‘जलसा’ के मुख्य गेट के बाहर भारी मात्रा में पानी जमा दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि इलाके में ड्रेनेज सिस्टम जाम होने की वजह से जलभराव की स्थिति बनी। लगातार हो रही बारिश के चलते आसपास के इलाकों में भी सड़कें पानी में डूबी नजर आईं, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किए जा रहे हैं।

मुंबई के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। सड़कों पर जलभराव, ओवरफ्लो होते नाले और ट्रैफिक जाम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ऐसे में ‘जलसा’ के बाहर पानी भरने की तस्वीरों ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। अमिताभ बच्चन का बंगला ‘जलसा’ मुंबई के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी आवासों में से एक है, जहां हर रविवार फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में जुटते हैं। हालांकि, इस बार बंगले के बाहर प्रशंसकों की भीड़ की जगह बारिश का पानी नजर आया। फिलहाल अमिताभ बच्चन या उनकी टीम की ओर से रविवार के ‘दर्शन’ को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल में नजर आएंगे। नाग अश्विन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में वह एक बार फिर प्रभास और कमल हासन के साथ स्क्रीन साझा करेंगे। पहले भाग में उनका अश्वत्थामा का किरदार दर्शकों को काफी पसंद आया था।