विवादित वीडियो मामले में अमित जोगी सिविल लाइन थाने पहुंचे, पुलिस कर रही पूछताछ

Follow Us

रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आपत्तिजनक वीडियो विवाद को लेकर मंगलवार को रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंचे। उन्होंने मामले में गिरफ्तारी देने की बात कही है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। दरअसल, हाल ही में अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को लेकर प्रस्तुति दिखाई गई थी। इस वीडियो को लेकर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई थी।

भाजपा नेता राजेश मूणत ने इस मामले में सिविल लाइन थाने पहुंचकर अमित जोगी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए कहा था कि देश के प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त को लेकर इस तरह की प्रस्तुति उचित नहीं है। मीडिया से बातचीत में मूणत ने कहा था कि राजनीति में विचारों और सिद्धांतों के आधार पर विरोध होना चाहिए। अपनी बात रखने की एक मर्यादा होती है और राजनीतिक असहमति जताने के लिए इस तरह के वीडियो का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस अमित जोगी से पूछताछ कर रही है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।