श्रद्धा कपूर की तारीफ सुन भावुक हुईं अक्षरा सिंह, फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन में छलके आंसू

Follow Us

पटना। बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ईठा’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के लिए श्रद्धा कपूर पटना पहुंचीं, जहां भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह भी उनके साथ नजर आईं। इस दौरान दोनों अभिनेत्रियों के बीच खास बॉन्डिंग देखने को मिली। वहीं, श्रद्धा कपूर की भावुक कर देने वाली बातों को सुनकर अक्षरा सिंह अपने आंसू नहीं रोक पाईं।

श्रद्धा ने की अक्षरा की जमकर तारीफ
फिल्म ‘ईठा’ में पहली बार श्रद्धा कपूर और अक्षरा सिंह एक साथ नजर आएंगी। फिल्म में श्रद्धा मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। वहीं, अक्षरा सिंह रत्ना नाम की लावणी डांसर और तमाशा कलाकार के किरदार में दिखाई देंगी। दोनों अभिनेत्रियां फिल्म के एक गाने में भी साथ नजर आएंगी। पटना में आयोजित प्रमोशनल इवेंट के दौरान अक्षरा सिंह भावुक हो गईं। उन्हें इस तरह देखकर श्रद्धा कपूर ने प्यार से संभाला और उनके काम की जमकर तारीफ की। श्रद्धा ने अक्षरा के फिल्म के लिए किए गए ट्रांसफॉर्मेशन और नौवारी साड़ी पहनकर किए गए डांस की भी सराहना की। श्रद्धा कपूर ने कहा, “मैं तुमसे प्यार करती हूं दोस्त। हम बहुत खुशकिस्मत हैं कि तुम ‘ईठा’ का हिस्सा हो। तुम्हारा दिल बहुत साफ है। अक्षरा ने हमेशा मुझे बहुत प्यार दिया है। देखिए, उन्होंने खुद को किस तरह बदला है और नौवारी साड़ी पहनकर डांस किया है।” श्रद्धा की इन प्यार भरी बातों को सुनकर अक्षरा सिंह भावुक हो गईं। इस दौरान दोनों के बीच दोस्ती और अपनापन देखने को मिला। इवेंट के वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं।

4 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म ‘ईठा’
फिल्म ‘ईठा’ की कहानी महाराष्ट्र की दिग्गज तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित है। फिल्म में श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण दिनेश विजान, लक्ष्मण उतेकर और करिश्मा शर्मा ने किया है। फिल्म ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। दर्शकों को श्रद्धा कपूर और अक्षरा सिंह की पहली साथ वाली फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।