रायपुर। संविधान दिवस से पहले छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार बाबा साहेब के विचारों, संवैधानिक मूल्यों और उनके सम्मान को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। अरुण साव सोमवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को औपचारिक रूप से अपनाया था। संविधान तैयार करने में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन लगे थे। अरुण साव के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब की जयंती के अवसर पर 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। वर्ष 2015 से संविधान दिवस मनाने की शुरुआत कर संवैधानिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान केवल कानूनों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों की भावना और आत्मा का प्रतिबिंब है। यह नागरिकों को अधिकार देने के साथ उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना के शब्द ‘हम भारत के लोग’ का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती पहचान का श्रेय संवैधानिक मजबूती, प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति को दिया। साथ ही बाबा साहेब से जुड़े पंच तीर्थों के विकास, अनुच्छेद 370 हटाने, संयुक्त राष्ट्र में उनकी 125वीं जयंती मनाने और अन्य पहल का उल्लेख किया।
अरुण साव ने कांग्रेस पर बाबा साहेब के सम्मान से जुड़े विषयों का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बाबा साहेब के विचारों और संविधान के मूल सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का काम किया है। संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने युवाओं को न्याय, समानता, एकता, अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने संविधान निर्माण में छत्तीसगढ़ की विभूतियों घनश्याम सिंह गुप्त, पं. रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, पं. किशोरी मोहन त्रिपाठी और रामप्रसाद पोताई के योगदान को याद किया। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
