दुर्ग। कोतवाली पुलिस ने मैट्रिमोनियल एप के जरिये विधवा शिक्षिका से दोस्ती कर शादी और स्थानांतरण का झांसा देकर 5.90 लाख रुपये ठगने वाले आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद को सिंचाई विभाग का लिपिक बताकर वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच होने का झूठा दावा किया था। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सारंगढ़ निवासी 34 वर्षीय अर्जुन कसेर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
वैवाहिक एप पर पहचान और धोखाधड़ी:
पीड़िता दुर्ग के नयापारा की निवासी हैं और शासकीय प्राथमिक शाला नवागांव (पुस्दा) में शिक्षिका के रूप में पदस्थ हैं। अक्तूबर, 2024 में पति के निधन के बाद वह अपनी सास और दो नाबालिग बच्चों के साथ रहती हैं। 23 मई को मैट्रिमोनियल एप के माध्यम से आरोपी अर्जुन कसेर ने पीड़िता से संपर्क साधा। आरोपी ने खुद को सिंचाई विभाग का तलाकशुदा लिपिक बताया। आरोपी ने पीड़िता के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा, hj पारिवारिक जिम्मेदारियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का हवाला देकर पीड़िता ने तत्काल विवाह से इन्कार कर दिया।
बस्तर फाइटर भर्ती: 79 आरक्षक पदों के लिए आवेदन शुरू, 12 दिसंबर अंतिम तारीख
स्थानांतरण के नाम पर लाखों की ठगी:
विवाह से इन्कार के बाद आरोपी ने शिक्षिका को रायपुर के आसपास स्थानांतरण कराने का भरोसा दिलाया। उसने दावा किया कि मुख्य कार्यकारी अधिकारी से उसकी बात हो चुकी है और स्थानांतरण कराने में सात लाख रुपये का खर्च आएगा। उसने पीड़िता से छह लाख रुपये देने और एक लाख रुपये स्वयं मिलाने का प्रस्ताव दिया। आरोपी की बातों में आकर पीड़िता ने मालवीय नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से छह लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण लिया। इसमें से 90 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से भेजे गए तथा पांच लाख रुपये नकद रायपुर के एक रेस्तरां में आरोपी को दिए गए।
फर्जीवाड़े का खुलासा और पुलिस कार्रवाई:
नकद राशि लेने के बाद आरोपी स्थानांतरण आदेश और अपने तलाक के दस्तावेज देने में टालमटोल करने लगा। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़िता ने 4 जून को अपने 5.90 लाख रुपये वापस मांगे। पैसे वापस न मिलने पर पीड़िता ने दुर्ग कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान स्मृति नगर चौकी क्षेत्र का एक अन्य मामला भी सामने आया, जिसमें आरोपी ने एक महिला को कृषि विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 1.50 लाख रुपये ठगे थे। पुलिस की टीम ने आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
CG Crime: 26.92 लाख की ऑनलाइन ठगी का आरोपी गिरफ्तार, कटक जेल से लाया गया सूरजपुर
