दिल्ली में टिन शेड के नीचे पढ़ रहे 1000 बच्चे, सुरक्षा को लेकर हाईकोर्ट सख्त; सरकार से मांगा जवाब

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली के अशोक नगर स्थित सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले करीब 1,000 बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने गंभीर चिंता जताई है। अदालत ने दिल्ली सरकार से पूछा है कि प्रतिकूल मौसम और अन्य परिस्थितियों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अब तक क्या कदम उठाए गए हैं। इस मामले में सरकार को अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया गया है।

यह मामला सोशल ज्यूरिस्ट नामक सिविल राइट्स ग्रुप की ओर से दायर जनहित याचिका के जरिए अदालत पहुंचा है। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता अशोक अग्रवाल और कुमार उत्कर्ष ने अदालत को बताया कि अशोक नगर स्थित सरकारी स्कूल पूरी तरह टिन शेड से बना है और यहां लगभग 1,000 छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। मुख्य न्यायाधीश (कार्यवाहक) न्यायमूर्ति नितिन वासुदेव सांबरे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा कि बच्चों की सुरक्षा के लिए सरकार ने क्या व्यवस्था की है, यह जानना जरूरी है।

दिल्ली सरकार की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता समीर वशिष्ठ ने अदालत को आश्वासन दिया कि स्कूल की संरचना में जरूरी सुधार किए जा रहे हैं। अदालत ने सरकार को इस संबंध में अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि यदि सरकार मामले की जल्द सुनवाई चाहती है, तो इसके लिए उचित आवेदन दाखिल कर सकती है।सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने की आशंका पर भी चिंता जताई। पीठ ने उम्मीद जताई कि मामले पर आगे विचार करते समय बच्चों की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी जाएगी। अब इस मामले में दिल्ली सरकार के जवाब और स्कूल की संरचना में किए जा रहे सुधारों पर सबकी नजर रहेगी।