कवर्धा में छुरा लहराकर राहगीरों को धमकाने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

Follow Us

कवर्धा। कबीरधाम जिले में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी हनुमान वाटिका के सामने लोहे का छुरा हवा में लहरा रहा था और वहां मौजूद लोगों व राहगीरों को जान से मारने की धमकी दे रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने बताया कि घटना 22 नवंबर की है। थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने आरोपी की पहचान नंदू यादव (35) पिता गोवर्धन यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 10, राजमहल चौक, कवर्धा के रूप में की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मुठ सहित करीब 11 इंच लंबा लोहे का धारदार छुरा बरामद किया गया। छुरे के फल की लंबाई लगभग 6 इंच और चौड़ाई करीब 1 इंच बताई गई है।

पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपी से उसका वैध लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 556/2026 के तहत आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में जिले में सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय फैलाने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।