मुंबई। कम बजट में बनी हॉलीवुड साइकोलॉजिकल हॉरर फिल्म ‘Obsession’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बाद अब OTT दर्शकों के लिए भी दस्तक दे दी है। थिएटर में रिकॉर्डतोड़ कमाई करने वाली यह फिल्म अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी। निर्देशक करी बार्कर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इंडे नवरेट और माइकल जॉनस्टन मुख्य भूमिकाओं में हैं। अपनी दमदार कहानी और कलाकारों की बेहतरीन अदाकारी की बदौलत फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों दोनों से शानदार प्रतिक्रिया मिली।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 7 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 334 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 3,000 करोड़ रुपये से अधिक) का कारोबार किया है, जिससे यह साल 2026 की सबसे सफल हॉलीवुड फिल्मों में शामिल हो गई है। अब ‘Obsession’ को Amazon Prime Video और Apple TV पर Premium Video-on-Demand (PVOD) के रूप में रिलीज किया गया है। यानी फिल्म देखने के लिए दर्शकों को इसे किराए (Rent) पर लेना या खरीदना (Buy) होगा। यह फिलहाल सामान्य सब्सक्रिप्शन के साथ मुफ्त स्ट्रीमिंग का हिस्सा नहीं है।
बताया जा रहा है कि फिल्म की डिजिटल रिलीज पहले 2 जून तय की गई थी, लेकिन थिएटर में शानदार कमाई को देखते हुए इसकी OTT रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया, ताकि फिल्म लंबे समय तक सिनेमाघरों में चल सके।
