नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर बिना अनुमति जबरन घुसकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं पर दिल्ली प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने सीजेपी नेता आशुतोष रांका और सौरभ दास को 5 दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया है। वहीं, मामले में हिरासत में लिए गए पार्टी के तीसरे नेता अजिंक्य शिंदे को शांति बनाए रखने के लिए पीस बॉन्ड (मुचलका) भरवाकर रिहा कर दिया गया।
बैरिकेडिंग तोड़कर जंतर-मंतर में घुसे थे नेता, एहतियातन की गई गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मंगलवार तड़के आशुतोष रांका, सौरभ दास और अजिंक्य शिंदे सुरक्षा बैरिकेड्स लांघकर जबरन जंतर-मंतर परिसर में दाखिल हो गए थे। तीनों नेता वहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनावों में हेराफेरी का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। मौके पर मौजूद पुलिस ने तीनों को तुरंत हिरासत में ले लिया था, जिसके बाद बुधवार सुबह उन्हें औपचारिक रूप से एहतियातन गिरफ्तार कर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने इन नेताओं पर निषेधाज्ञा उल्लंघन, जबरन घुसपैठ और सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
खड़गे बोले- ‘पहले वोट चोरी और फिर विरोध करने के अधिकार की चोरी, भाजपाई तानाशाही का प्रमाण’
‘जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना क्या गुनाह है?’- पार्टी संस्थापक का सरकार पर वार
दोनों नेताओं को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजे जाने पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कड़ा आक्रोश जताया है। फैसले पर सवाल उठाते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “आशुतोष और सौरभ को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उनका गुनाह क्या था? क्या जंतर-मंतर पर जाकर तिरंगा फहराना कोई अपराध है?” पार्टी का आरोप है कि प्रशासन शांतिपूर्ण विरोध की आवाज को दबाने की कोशिश कर रहा है।
जंतर-मंतर अब धरना स्थल नहीं, नए प्रदर्शन स्थलों पर बढ़ा विवाद
हाल ही में दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने आदेश जारी कर जंतर-मंतर को प्रदर्शनों के लिए अधिकृत स्थलों की सूची से बाहर कर दिया था। नए आदेश के तहत अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और सीबीडी ग्राउंड को ही विरोध प्रदर्शनों के लिए निर्धारित किया गया है। सीजेपी सहित कई संगठनों ने इस फैसले का तीखा विरोध करते हुए आरोप लगाया है कि विरोध स्थलों को शहर के मुख्य राजनीतिक केंद्र से दूर ले जाकर लोकतांत्रिक आवाज को कमजोर किया जा रहा है।
