एक रात में 62 वाहन चालकों पर कार्रवाई , ड्रंक एंड ड्राइव पर रायपुर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा

Follow Us

रायपुर । सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अगस्त की रात शहर के 09 प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात राम कुमार बर्मन के नेतृत्व और सहायक पुलिस आयुक्त यातायात की मौजूदगी में निरीक्षक स्तर के अधिकारियों एवं यातायात जवानों की टीमों ने वाहनों की जांच की। आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर से जांच के दौरान कुल 62 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।

इनमें 47 कार, 05 टाटा एस पिकअप, 08 ट्रक/टैंकर, 01 बस और 01 दोपहिया वाहन शामिल हैं। सभी वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के प्रावधानों के तहत तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।

महतारी वंदन की राशि से बहनें मनाएंगी रक्षाबंधन का पर्व

 

2026 में अब तक 3906 ड्रंक एंड ड्राइव प्रकरण
यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 3906 ड्रंक एंड ड्राइव प्रकरणों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि शराब या नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने से चालक की निर्णय क्षमता, प्रतिक्रिया समय और वाहन पर नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।

इसी को देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
डीसीपी ट्रैफिक ने की अपील

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील की है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। आवश्यकता पडऩे पर टैक्सी, सार्वजनिक परिवहन या परिवार के किसी सदस्य की सहायता लें।

उन्होंने कहा कि नशे में वाहन न चलाना केवल स्वयं की सुरक्षा नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा के प्रति भी जिम्मेदारी है। रायपुर को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए यातायात पुलिस का ड्रंक एंड ड्राइव अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।