० पीडि़ता की उम्र और नाम में फर्जी बदलाव कर आधार कार्ड बनाने वाला आरोपी पकड़ा गया, मामले में अब तक 9 गिरफ्तार
रायपुर । रायपुर कमिश्नरेट के पश्चिम जोन अंतर्गत थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म कर गर्भवती करने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्रसव कराने तथा नवजात शिशु की बिक्री से जुड़े मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीडि़ता की उम्र बढ़ाकर और नाम बदलकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करने वाले आरोपी पिंटू सिंह (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत बीएनएस, पॉक्सो एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज है। मामले में पुलिस द्वारा पूर्व में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि महिला आरोपी पूनम सागरिया ने पीडि़ता की वास्तविक उम्र अधिक दर्शाने और नाम में बदलाव करने के उद्देश्य से उसका आधार कार्ड फर्जी तरीके से संशोधित कराने के लिए दलदल सिवनी, मोवा-पंडरी निवासी पिंटू सिंह को दिया था।
दुर्ग में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 2 साल 11 माह की बच्ची में ॥1हृ1 की पुष्टि; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
पुलिस टीम ने पिंटू सिंह की पतासाजी कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने पूनम सागरिया के कहने पर मोबाइल ऐप के माध्यम से पीडि़ता के आधार कार्ड में नाम बदलने और उम्र बढ़ाकर फर्जी आधार कार्ड तैयार करने की बात स्वीकार की। इसके बाद उसने तैयार दस्तावेज पूनम सागरिया को सौंप दिया था।
पुलिस ने आरोपी पिंटू सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि जब्त मोबाइल फोन और विवेचना के दौरान सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका तथा उनके द्वारा किए गए कृत्यों की भी विस्तृत जांच की जा रही है।
