नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

Follow Us

रायगढ़। जिले में महिला एवं नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर उसे ले जाने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विनय केरकेट्टा (23) निवासी कृष्णापुर, थाना कोतरारोड, रायगढ़ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को नाबालिग बालिका घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तलाश के दौरान पुलिस ने 1 अगस्त को केलो डेम के पास बालिका को आरोपी विनय केरकेट्टा के साथ बरामद किया। पूछताछ में बालिका ने आरोपी द्वारा विवाह का प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाने की बात बताई। पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया और उसके बयान व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।