मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर ही थमी सांसें

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने हंचलपुर गांव में मातम पसरा दिया। रोज की तरह सुबह की ताजी हवा में मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक खिलेंद्र दिवाकर को एक बेकाबू और तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि, खिलेंद्र सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह दुखद घटना भखारा थाना क्षेत्र की है।

परिजनों के अनुसार, खिलेंद्र अपनी सेहत को लेकर सजग था और हर सुबह सैर पर जाता था, लेकिन आज की सुबह उसके जीवन की आखिरी सुबह साबित हुई। घटना की सूचना मिलते ही भखारा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। CSP अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि, मृतक को पहले भखारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहाँ से नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, पर उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

इस घटना के बाद से इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि कातिल रफ्तार का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।