रायपुर में भीषण आग का तांडव! प्लास्टिक फैक्ट्री का गोदाम जलकर खाक

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सड्डू इलाके में गुरुवार सुबह एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि, देखते ही देखते पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, कवल मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में मौजूद प्लास्टिक सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती गई और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। अब तक पांच से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, जबकि अतिरिक्त संसाधन भी बुलाए गए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी भयावह थी कि, कुछ ही मिनटों में पूरा गोदाम जलने लगा। आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। राहत की बात यह है कि, अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। यह घटना विधानसभा थाना क्षेत्र की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का आकलन और विस्तृत जांच की जा सकेगी।