युवाओं के लिए पीएम मोदी का बड़ा तोहफा! विकसित भारत रोजगार योजना के तहत बांटे जाएंगे रु.2,400 करोड़, लाखों नौकरियों को मिलेगा बढ़ावा

Follow Us

नई दिल्ली। देश के युवाओं को रोजगार के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के तहत करीब 2,400 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। सरकार के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ना और कंपनियों को अधिक से अधिक नौकरियां पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना शुरू होने के बाद अब तक देशभर में करीब 15 लाख रोजगार अवसर तैयार होने का दावा किया गया है।

इस योजना के तहत पहली बार नौकरी शुरू करने वाले कर्मचारियों को 15,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, रोजगार देने वाले नियोक्ताओं को नए कर्मचारियों की भर्ती पर हर महीने 3,000 रुपये तक का प्रोत्साहन मिल सकता है। सरकार ने विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए इस योजना में विशेष प्रावधान किए हैं। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में नियोक्ताओं को चार साल तक प्रोत्साहन मिलेगा, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह सुविधा दो साल तक उपलब्ध होगी।

करीब 99,446 करोड़ रुपये के कुल बजट वाली इस योजना को अगस्त 2025 में लागू किया गया था। इसका लक्ष्य अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ से ज्यादा रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। इनमें लगभग 1.92 करोड़ ऐसे युवा शामिल होंगे, जो पहली बार कार्यबल का हिस्सा बनेंगे। सरकार का कहना है कि, यह योजना रोजगार के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने और विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।