*फेसबुक पर दोस्ती, शादी का झांसा और नौकरी दिलाने के नाम पर ₹10.98 लाख की ठगी आरोपी गिरफ्तार*
कांकेर। जिला उत्तर बस्तर कांकेर में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पखांजूर पुलिस ने फेसबुक के माध्यम से दोस्ती कर स्वयं को डॉक्टर बताकर पीड़िता को शादी का झांसा देने, उसके साथ दुष्कर्म करने तथा नर्सिंग ऑफिसर के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर ₹10,98,000 की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
प्रकरण में पीड़िता द्वारा दिनांक 18 जुलाई 2026 को थाना छोटेडोंगर, जिला नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वर्ष 2018 में फेसबुक के माध्यम से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म एवं नर्सिंग ऑफिसर की नौकरी दिलाने के नाम पर ₹10.98 लाख की धोखाधड़ी।उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को डॉक्टर बताकर शादी का झांसा दिया, जिसके आधार पर उसके साथ शारीरिक संबंध स्थापित किए। बाद में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर विभिन्न किस्तों में कुल ₹10.98 लाख प्राप्त कर लिए। इस प्रकार आरोपी ने पीड़िता का मानसिक, आर्थिक एवं शारीरिक शोषण किया।
रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 133/2026 में धारा 376(2), 417 एवं 420 भारतीय दंड संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पखांजूर पुलिस एवं साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए उसे बैतूल (मध्यप्रदेश) से अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद दिनांक 31 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
रीतेश्वर भूमरकर ,पिता – महादेव भूमरकर
उम्र – 45 वर्ष ,निवासी – चन्द्रशेखर वार्ड, थाना कोतवाली (कोठी बाजार), जिला बैतूल, मध्यप्रदेश।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम
निरीक्षक तेज कुमार वर्मा (थाना प्रभारी पखांजूर), निरीक्षक साइबर प्रभारी यशवंत श्याम,सउनि बिन्दुलता देवांगन, वेदन सलामे, पुरुषोत्तम ठाकुर, प्रधान आरक्षक लिहेन्द्र देवांगन, रिजवान खान, तथा साइबर सेल कांकेर से आरक्षक प्रणय यादव एवं शैलेन्द्र साहू का विशेष योगदान रहा।
कांकेर पुलिस की अपील
महिलाओं के विरुद्ध अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल जिला उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस की अपराधिक हेल्पलाइन 94791-55125 पर दें। प्रत्येक सूचना एवं सूचनाकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है।
