दिल्ली। दिल्ली से एक भीषण दुर्घटना की खबर सामने आ रही है। साकेत इलाके में पांच मंजिला इमारत गिर गई है, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। घटना का पता चलते ही मौके पर रेस्क्यू टीम पहुंच गई है और मलबे को हटाने के काम में लग गई है। मौके पर मौजूद अधिकारियों के अनुसार, पूरी पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई और कुछ ही क्षणों में मलबे के बड़े ढेर में तब्दील हो गई।
शनिवार की शाम 07:44 बजे दमकल विभाग को घटना की सूचना मिली थी। जानकारी के मुताबिक इमारत के अंदर और आसपास कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
चार-पांच लोगों को सुरक्षित निकाला गया
बचाव दल फिलहाल घटनास्थल पर सक्रिय हैं। अग्निशमन विभाग के अनुसार, उन्हें शाम 7:44 बजे सूचना मिली थी। अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया, ‘हमने घटनास्थल पर चार दमकल गाड़ियां भेजी हैं और आगे की जानकारी का इंतजार है।’ अब तक मलबे से चार से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इन घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
