सीएमओ -पार्षद विवाद ने पकड़ा तूल: वायरल कॉल से गरमाई सियासत

Follow Us

बलरामपुर। नगर पालिका बलरामपुर में इन दिनों प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है। एक कथित कॉल रिकॉर्डिंग के वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ चुका है। वार्ड 14 के पार्षद गौतम सिंह ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रणव राय पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसमें अभद्र भाषा के इस्तेमाल और धमकी देने जैसी बातें सामने आई हैं।

वही, पार्षद का दावा है कि, वायरल ऑडियो में CMO की आवाज है, जिसमें जनप्रतिनिधि से आपत्तिजनक लहजे में बातचीत की जा रही है। इस ऑडियो के सामने आने के बाद न सिर्फ स्थानीय राजनीति गरमा गई है, बल्कि प्रशासनिक कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। गौतम सिंह का कहना है कि, यह पहली बार नहीं है, इससे पहले भी CMO के व्यवहार को लेकर शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

बता दे,इस मामले को लेकर अन्य पार्षदों में भी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि, जनप्रतिनिधियों के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है। कुछ पार्षदों ने चेतावनी दी है कि, यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाएंगे। वहीं, आरोपों के घेरे में आए CMO प्रणव राय ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि, वायरल हो रही कॉल रिकॉर्डिंग पूरी तरह फर्जी है और इसमें AI तकनीक का इस्तेमाल कर छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि, वे हमेशा नियमों के अनुसार काम करते हैं और किसी भी तरह के दबाव में आकर गलत कार्य नहीं करेंगे।

CMO के मुताबिक, कुछ लोग व्यक्तिगत स्वार्थ के चलते गलत तरीके से काम करवाना चाहते हैं, लेकिन जब वे ऐसा करने से मना करते हैं, तो इस तरह के आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि, उनका एकमात्र उद्देश्य नगर का विकास और पारदर्शी प्रशासन देना है।फिलहाल, इस पूरे विवाद ने बलरामपुर में सियासी माहौल गरमा दिया है। एक तरफ पार्षद कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं, तो दूसरी ओर CMO द्वारा AI टेंपरिंग का दावा मामले को और पेचीदा बना रहा है। अब सबकी नजर संभावित जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है, जिससे सच्चाई सामने आ सके।