आबकारी मामले में बढ़ी कांग्रेस की मुश्किलें; EOW ने अकाउंटेंट को नोटिस भेजकर बुलाया

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजीव भवन स्थित कार्यालय के अकाउंटेंट शिशुपाल साहू को तलब किया है। सूत्रों के मुताबिक, ईओडब्ल्यू की टीम ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया, जहां उनसे लंबे समय तक विभिन्न वित्तीय लेन-देन को लेकर सवाल-जवाब किए गए। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित आबकारी घोटाले और पार्टी फंड में जमा हुई रकम की जांच से जुड़ी हुई है। ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने शिशुपाल साहू से पिछले तीन वर्षों के बैंक खातों का पूरा विवरण मांगा है। इसके साथ ही टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने साथ जांच के लिए जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन दस्तावेजों के आधार पर फंड के स्रोत और उसके उपयोग की विस्तृत पड़ताल की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, जांच का फोकस इस बात पर भी है कि पार्टी फंड में आई रकम का उपयोग किस तरह किया गया और क्या इसमें किसी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी हुई है। ईओडब्ल्यू की टीम इस मामले में हर पहलू को बारीकी से खंगाल रही है, ताकि किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता सामने आ सके। इसी मामले में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल का नाम भी सामने आया है। जानकारी के अनुसार, वे पिछले कई वर्षों से फरार बताए जा रहे हैं। ईओडब्ल्यू अब उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है और उनसे जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं।ईओडब्ल्यू की इस कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। फिलहाल, एजेंसी की ओर से आधिकारिक रूप से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में जांच और तेज हो सकती है तथा अन्य लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है। जांच जारी है और ईओडब्ल्यू इस मामले में हर पहलू को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।