बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के पास जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डम्प से 3.84 किलोग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। सोने और नकदी की कुल कीमत करीब 4 करोड़ 53 लाख 22 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर को सूचना मिली थी कि इंद्रावती नदी के आसपास जंगल में माओवादियों ने जमीन के नीचे एक डम्प छिपाकर रखा है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में सर्च ऑपरेशन की योजना बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में डीआरजी, भैरमगढ़ थाना और बीडीएस की संयुक्त टीम को अभियान के लिए रवाना किया गया।
जमीन के नीचे स्टील के डिब्बे में छिपाया था सोना
सुरक्षा बलों ने भैरमगढ़ थाने से करीब 8 से 10 किलोमीटर दूर इंद्रावती नदी के पास जंगल में चिन्हित स्थान पर तलाशी अभियान चलाया। बीडीएस टीम ने पहले डिमाइनिंग की कार्रवाई की। इसके बाद तलाशी के दौरान जमीन में दबाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा मिला।डिब्बे की जांच करने पर उसमें सोने के 33 बिस्किट बरामद हुए। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है। कुल सोने का वजन 330 तोला यानी करीब 3.84 किलोग्राम निकला। पुलिस ने इसकी अनुमानित बाजार कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई है।
जशपुर नगर पालिका अध्यक्ष पर पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, एसपी को सौंपा शिकायत पत्र
500 रुपये के नोटों में रखे थे 24.22 लाख
सोने के अलावा डिब्बे से टेप में लिपटा एक पैकेट भी मिला। इसमें 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपये रखे हुए थे। बरामद सोने और नकदी को पुलिस ने जब्त कर लिया है। फिलहाल भैरमगढ़ थाने में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि बरामद संपत्ति किस माओवादी संगठन या व्यक्ति की थी।
अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ से अधिक नकदी बरामद
पुलिस के अनुसार, बीजापुर जिले में माओवादी डम्प की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब तक जिले के अलग-अलग इलाकों से कुल 12.34 किलोग्राम सोना और 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं। इंद्रावती नदी के पास हुई ताजा कार्रवाई को इसी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
