0-आईआईसीए में दो सप्ताह तक चला छठा प्रशिक्षण सत्र, अधिकारियों को स्वतंत्र निदेशक की भूमिका के लिए किया गया तैयार
मानेसर। भारतीय कॉरपोरेट कार्य संस्थान (आईआईसीए) ने रक्षा मंत्रालय के पुनर्वास महानिदेशालय (डीजीआर) के सहयोग से रक्षा अधिकारियों के लिए कॉरपोरेट प्रशासन में निदेशक प्रमाणन पाठ्यक्रम का छठा बैच सफलतापूर्वक पूरा किया। आईआईसीए परिसर, मानेसर में आयोजित दो सप्ताह का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 नवंबर से शुरू होकर 27 नवंबर 2026 को संपन्न हुआ। इसमें तीनों सेनाओं के 30 वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
समापन समारोह में राष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग प्राधिकरण (एनएफआरए) के पूर्णकालिक सदस्य पी. डैनियल, भारत सरकार के पूर्व सचिव अनूप कुमार पुजारी तथा आईआईसीए के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्ञानेश्वर कुमार सिंह की उपस्थिति में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य रक्षा अधिकारियों को कॉरपोरेट क्षेत्र में निदेशक मंडल की जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए तैयार करना है। इसके तहत उन्हें कॉरपोरेट प्रशासन, कंपनी संबंधी अनुपालन, वित्तीय विवरणों को समझने, वित्तीय अनियमितताओं के संकेतों की पहचान करने तथा निदेशक मंडल के सदस्यों की भूमिकाओं और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। इसके अलावा लेखा परीक्षा समिति, नामांकन एवं पारिश्रमिक समिति, कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) समिति और जोखिम प्रबंधन समिति के कामकाज से भी अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण में उद्यम जोखिम प्रबंधन (ईआरएम), पर्यावरण, सामाजिक एवं शासन (ईएसजी) संबंधी मानक, सतत विकास, भू-राजनीति एवं अर्थव्यवस्था, कॉरपोरेट दिवालियापन, पूंजी बाजार के साधन, आंतरिक वित्तीय नियंत्रण तथा निदेशक मंडल की बैठकों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग जैसे समसामयिक विषयों को भी शामिल किया गया। पाठ्यक्रम में व्यावहारिक अनुभव और मामले के अध्ययन पर आधारित प्रशिक्षण को विशेष महत्व दिया गया।
आईआईसीए के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ज्ञानेश्वर कुमार सिंह ने अधिकारियों की सराहना करते हुए इस कार्यक्रम के लिए 30 वरिष्ठ अधिकारियों को नामित करने पर रक्षा मंत्रालय का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पाठ्यक्रम कॉरपोरेट निदेशक मंडलों के लिए प्रशिक्षित सदस्यों की आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। संस्थान अब तक 150 अधिकारियों को स्वतंत्र निदेशक की भूमिका निभाने के लिए सफलतापूर्वक तैयार कर चुका है।
कॉरपोरेट प्रशासन और निदेशक मंडलों की बदलती भूमिका पर विचार रखते हुए उन्होंने कहा कि निदेशक मंडल की कार्यक्षमता तभी बेहतर हो सकती है, जब उसके सदस्य प्रक्रियाओं और कार्यप्रणाली में सक्रिय रूप से भाग लें। निदेशकों को जरूरी सवाल पूछने चाहिए और सही निर्णय लेने में सहयोग के लिए प्रासंगिक जानकारी मांगनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को निदेशक मंडल की बैठकों में व्यवहार में लाने और बेहतर प्रशासनिक प्रक्रियाओं के माध्यम से भविष्य के लिए सक्षम कॉरपोरेट संस्थाएं विकसित करने का आग्रह किया।
अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहे जहाज पर किया हमला
उन्होंने स्वतंत्रता के महत्व पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, स्वतंत्रता केवल पद से जुड़ी औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के चरित्र, निष्पक्ष निर्णय लेने की क्षमता और आचरण में दिखाई देनी चाहिए। निदेशक मंडल में प्रभावी भूमिका निभाने के लिए ये गुण आवश्यक हैं।
राष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग प्राधिकरण के पूर्णकालिक सदस्य पी. डैनियल ने स्वतंत्र निदेशकों की भूमिका में विश्वास और ईमानदारी के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने लेखा परीक्षा की गुणवत्ता और वित्तीय जानकारी के बेहतर खुलासे सुनिश्चित करने में एनएफआरए की भूमिका की जानकारी दी। साथ ही कहा कि निदेशक मंडल के सदस्यों की प्रमुख जिम्मेदारी पूरी सतर्कता के साथ निगरानी करना और नेतृत्व संबंधी विवेक का परिचय देना है।
उन्होंने प्रभावी निदेशक की भूमिका निभाने के लिए छह प्रमुख नियम भी बताए। इनमें बैठक के कार्यसूची संबंधी दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करना, कंपनी की नकदी स्थिति सहित वित्तीय आंकड़ों को समझना, बैठकों में सवाल पूछना और प्रस्तावों की समीक्षा करते हुए जरूरत पडऩे पर उन्हें चुनौती देना, अपनी स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता बनाए रखना, हितधारकों और व्यापक जनहित में अपने पक्ष पर दृढ़ रहना तथा कंपनी में सूचना देने वालों की सुरक्षा संबंधी नीति का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान आईआईसीए के कॉरपोरेट प्रशासन एवं लोक नीति विद्यालय के प्रमुख डॉ. नीरज गुप्ता और पुनर्वास महानिदेशालय के प्रशिक्षण निदेशालय के ग्रुप कैप्टन सुशांत बिस्वास (वीएसएम) ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और पाठ्यक्रम की विषयवस्तु पर आधारित रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का समन्वय आईआईसीए के मुख्य कार्यक्रम कार्यकारी मनोज सिंह तथा पुनर्वास महानिदेशालय के लेफ्टिनेंट कर्नल सक्षम शर्मा ने किया।
