मुंगेली व्यापार मेले का उप मुख्यमंत्री साव ने किया शुभारंभ, शहर को दी 7 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

Follow Us

० बीआर साव स्कूल मैदान स्थित स्टेडियम के कायाकल्प के लिए 3 करोड़ रुपये की घोषणा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शुरू होगी नि:शुल्क कोचिंग

मुंगेली। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को मुंगेली के बीआर साव स्कूल मैदान स्थित वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम में स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित सात दिवसीय व्यापार मेले का शुभारंभ किया। लगातार 11वें वर्ष आयोजित हो रहा यह मेला अब शहर की पहचान बन चुका है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने मुंगेली शहर को करीब 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साव ने कहा कि व्यापार मेला स्थानीय कारोबार को प्रोत्साहित करने के साथ कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान कर रहा है। इससे स्थानीय व्यापारियों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा एवं उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने आयोजन के लिए संस्था की पूरी टीम को बधाई दी।

स्टेडियम के कायाकल्प के लिए 3 करोड़ रुपये की घोषणा
उप मुख्यमंत्री ने वीर शहीद धनंजय सिंह स्टेडियम के विकास और कायाकल्प के लिए 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में गार्डन, भवन और मंच का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मैदान का समतलीकरण कर इसे सर्वसुविधायुक्त बनाया जाएगा, ताकि शहर में बड़े आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सके। उन्होंने बताया कि बीआर साव स्कूल मैदान में 50 लाख रुपये की लागत से हाईमास्ट लाइट लगाई जाएगी। इसकी घोषणा विजयादशमी के अवसर पर की गई थी और अब टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।

150-150 विद्यार्थियों को मिलेगी नि:शुल्क कोचिंग
युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुंगेली में वेदांता-बालको के सहयोग से नि:शुल्क कोचिंग सेंटर शुरू किया जाएगा। इसमें 150-150 विद्यार्थियों के लिए सीटें उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन मिल सकेगा।इसके अलावा उप मुख्यमंत्री ने मुंगेली शहर के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 3 करोड़ 97 लाख रुपये की स्वीकृति पर हस्ताक्षर किए। इन कार्यों से शहर की सुविधाओं और बुनियादी ढांचे के विस्तार में मदद मिलेगी।

चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार

मेधावी विद्यार्थियों और प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
व्यापार मेले के शुभारंभ अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इनमें कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थी, समाजसेवी, साहित्यकार, व्यवसायी और कथक नृत्यांगना शामिल रहे। लोक गायिका गरिमा दिवाकर एवं स्वर्णा दिवाकर की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी आयोजन को आकर्षक बनाया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, जनपद अध्यक्ष रामकमल सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।