गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। शासन की जनहितकारी पहल ‘सेवा सेतु’ आम नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल और कम समय में उपलब्ध कराने का माध्यम बन रही है। इस योजना का लाभ ग्राम पंचायत कोटरियाडांड की रवीना को मिला, जिन्हें नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश के लिए जरूरी आय प्रमाण पत्र आवेदन करने के महज एक घंटे के भीतर मिल गया। जानकारी के अनुसार, रवीना नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश लेना चाहती थीं। इसके लिए उन्हें आय प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। उन्होंने प्रमाण पत्र बनवाने के लिए सेवा सेतु के माध्यम से तहसील कार्यालय पेंड्रारोड में आवेदन किया। शासन की त्वरित सेवा व्यवस्था के तहत उनका आवेदन जल्द ही निराकृत किया गया और एक घंटे के भीतर उन्हें आय प्रमाण पत्र मिल गया।
समय पर प्रमाण पत्र मिलने से रवीना की प्रवेश प्रक्रिया में आ रही बाधा दूर हो गई और वह नर्सिंग कॉलेज में दाखिला लेने में सफल रहीं। इस सुविधा से प्रसन्न रवीना ने कहा कि सेवा सेतु के माध्यम से कम समय में जरूरी दस्तावेज मिलने से उन्हें काफी सहूलियत मिली। इससे उनका नर्सिंग की पढ़ाई करने का सपना पूरा हो सका। रवीना ने इस जनहितकारी व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। सेवा सेतु के माध्यम से नागरिकों को आवश्यक शासकीय दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने की दिशा में सुविधा मिल रही है। इससे लोगों को कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिल रही है और उनके जरूरी काम समय पर पूरे हो रहे हैं।
