बाराती बनकर झूमे श्रद्धालु, नाचते-गाते निकली भगवान श्रीकृष्ण की बारात, विवाह उत्सव में उमड़ा उल्लास
भाटापारा। नगर के माता देवालय वार्ड में पटेल परिवार द्वारा आयोजित आठ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के छठवें दिवस भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी के विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण एवं रोचक वर्णन किया गया। कथा के दौरान जैसे ही श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह का प्रसंग आया, पूरा पंडाल भक्ति, उल्लास और मंगलगीतों से गूंज उठा। श्रद्धालु भगवान के विवाह उत्सव में इस तरह शामिल हुए मानो उनके अपने परिवार में ही कोई मांगलिक आयोजन हो रहा हो।
कथावाचक पं.आचार्य मनोज दुबे ने भगवान श्रीकृष्ण और विदर्भ नरेश की पुत्री रुक्मिणी के विवाह से जुड़े प्रसंगों का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि रुक्मिणी बचपन से ही भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य और जीवनसाथी मानती थीं। भगवान के दिव्य गुणों और लीलाओं का श्रवण कर उनके मन में श्रीकृष्ण के प्रति अटूट प्रेम और समर्पण जागृत हुआ था। जब रुक्मिणी के भाई ने उनका विवाह शिशुपाल से तय कर दिया, तब उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को पत्र भेजकर अपनी व्यथा सुनाई और उन्हें अपने उद्धार के लिए आने का संदेश दिया। भक्त की पुकार सुनकर भगवान श्रीकृष्ण विदर्भ पहुंचे और रुक्मिणी का हरण कर उन्हें अपनी अर्धांगिनी बनाया। इस प्रकार दोनों का दिव्य विवाह संपन्न हुआ।
कथावाचक ने इस प्रसंग के माध्यम से प्रेम, विश्वास, समर्पण और भगवान के प्रति अटूट आस्था का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई भक्ति कभी निष्फल नहीं होती। भगवान अपने भक्तों की पुकार अवश्य सुनते हैं और उनकी रक्षा के लिए स्वयं आगे आते हैं।
ग्राम बोड़तरा में प्रस्तावित ईश्वर मेटालिक के स्पंज आयरन प्लांट के खिलाफ फूटा जनआक्रोश
विवाह प्रसंग को जीवंत बनाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण की भव्य बारात का आयोजन किया गया। श्रद्धालु बाराती बनकर भगवान की बारात में शामिल हुए। ढोल-मंजीरे, भजन और मंगलगीतों की धुन पर महिला-पुरुष श्रद्धालु जमकर थिरके। नाचते-गाते और झूमते हुए भक्त भावविभोर हो उठे। विवाह की खुशियों से पूरा कथा पंडाल सराबोर हो गया। बाराती हों या घराती, सभी ने इस अनूठे आध्यात्मिक विवाह उत्सव का भरपूर आनंद लिया। विवाह की पारंपरिक रस्मों और मंगलमय वातावरण ने आयोजन को यादगार बना दिया। श्रद्धालुओं ने प्रसाद एवं विभिन्न पकवानों का आनंद भी लिया।
श्रीमद्भागवत कथा का यह छठवां दिवस श्रद्धालुओं के लिए केवल कथा श्रवण का अवसर नहीं, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के विवाह उत्सव में सहभागी बनने का अविस्मरणीय अनुभव बन गया। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और आनंद का अनुपम संगम देखने को मिला।

