‘धुरंधर 2’ का तूफान: 9वें दिन ही 700 करोड़ के पार, ‘दंगल’ और ‘पठान’ को भी पछाड़ा

Follow Us

मुंबई। फिल्म ‘धुरंधर 2’ का कलेक्शन घटा जरूर है, लेकिन इसने 700 करोड़ रुपये अपने खाते में जमा कर लिए हैं। फिल्म ने वीकएंड से पहले यानी शुक्रवार को कितनी कमाई की है। फिल्म का कुल कलेक्शन कितना हुआ। साथ ही ‘पठान’ और ‘दंगल’ के भारतीय बॉक्स ऑफिस को पार करने के अलावा ‘धुरंधर 2’ ने वर्ल्डवाइड कितनी कमाई की है, आपको बता दें की फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के नौवें दिन 41.55 करोड़ रुपये कमाए हैं। जबकि आठवें दिन फिल्म ने 49.70 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म का कुल कलेक्शन भी अब तक 715.72 करोड़ रुपये हो चुका है। उम्मीद है कि फिल्म का कलेक्शन वीकएंड पर बढ़ेगा और यह अपनी कमाई में इजाफा करेगी। क्योंकि पहले वीकएंड में इस फिल्म ने कमाई के रिकॉर्ड बनाए थे।

फिल्म ‘पठान’ ने भारतीय बाॅक्स ऑफिस पर 654.28 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन किया था। वहीं ‘दंगल’ ने 538.03 करोड़ रुपये का कुल कलेक्शन किया था। इस तरह देखा जाए तो ‘धुरंधर 2’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इन फिल्मों के लाइफस्टाइल कलेक्शन को पार कर लिया है। वहीं ‘धुरंधर 2’ ने वर्ल्डवाइड भी छप्परफाड़ कलेक्शन किया है। इसने अब तक 1,081.50 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। रणवीर सिंह की फिल्म ने हालिया रिलीज फिल्मों के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को पार कर लिया है। साथ ही पिछले साल रिलीज हुई ‘छावा’ के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को भी पार कर लिया है। ‘छावा’ ने पिछले साल 807.91 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था। ‘धुरंधर 2’ के अलावा साउथ फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ भी रिलीज हुई थी। इसने रिलीज के नौवें दिन 1.10 करोड़ रुपये कमाए हैं। फिल्म का कुल कलेक्शन भी अब तक 68.05 करोड़ रुपये हुआ है। यह फिल्म ‘धुरंधर 2’ के कारण अब तक 100 करोड़ की कमाई भी नहीं कर पाई है। दरअसल, ‘धुरंधर 2’ दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज हुई है। इसके तेलुगु और तमिल वर्जन को दर्शक पसंद कर रहे हैं।