मप्र की राजनीति में पक्ष-विपक्ष एक और निर्णायक दौर में: रंजन श्रीवास्तव 

Follow Us

सत्ता के गलियारों और विपक्ष में तरह-तरह की अटकलों के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार 13 दिसंबर को अपना तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा करेगी। ठीक एक दिन पहले यानी 12 दिसंबर को प्रदेश की राजधानी भोपाल में विपक्ष का इंडिया गठबंधन अपनी देशव्यापी रणनीति के तहत रामलीला मैदान के बाद दूसरी बड़ी रैली करने जा रहा होगा। हिस्सा, विशेषकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल के अलावा मध्य प्रदेश में भी वोट चोरी का मुद्दा उठाते रहे हैं। 13 दिसंबर को जहां सत्ता पक्ष के गलियारों में जश्न का माहौल होगा और सरकार की उपलब्धियों को सड़कों के किनारे लगे होर्डिंग तथा मीडिया में विज्ञापनों के जरिए प्रदर्शित किया जा रहा होगा, वहीं इन्हीं गलियारों में कुछ चिंता की लकीरें भी दिखाई देंगी। पहली चर्चा मोहन यादव सरकार को लेकर। विभिन्न तरह की अटकलों और संभावनाओं पर विराम लगाते हुए मोहन यादव मुख्यमंत्री के रूप में अपना तीसरा वर्ष पूरा करने जा रहे हैं। मंत्रिमंडल के भीतर तथा सरकार और पार्टी के बीच खींचतान की खबरें आती रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के सामने ऐसी कोई अप्रिय स्थिति पैदा नहीं हुई, जिससे उनकी कुर्सी पर संकट खड़ा हो। केंद्रीय नेतृत्व का उन पर विश्वास बना हुआ है, जो मुख्यमंत्री की बॉडी लैंग्वेज में भी दिखाई देता है। वास्तव में मुख्यमंत्री के लिए कई चुनौतियां राजनीतिक चुनौती के बजाय प्रशासनिक अधिक रही हैं। इनमें दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से दो दर्जन से अधिक लोगों की मौत शामिल है। उस समय इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर था। अगस्त-सितंबर 2025 में छिंदवाड़ा, पांढुर्ना और बैतूल में जहरीला कफ सिरप पीने से लगभग दो दर्जन बच्चों की मौत, सितंबर 2026 में सागर जिले में जहरीली शराब पीने से लगभग 20 लोगों की मौत तथा अक्टूबर 2026 में देवास में जहरीली शराब से करीब 10 लोगों की मौत हो गई। देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे आबकारी (TI) दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी गई। हाल ही में रीवा और मऊगंज के बीच बालाघाट में विभिन्न बीमारियों से 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत भी इसी प्रशासनिक चुनौती का हिस्सा रही है। इन तीन वर्षों में मोहन यादव सरकार ने औद्योगिक निवेश और बुनियादी ढांचे को लेकर सक्रियता दिखाई। विभिन्न क्षेत्रों में निवेश लाने का प्रयास करते हुए महिला कल्याण और क्षेत्रीय विकास पर जोर दिया। केंद्र की मंशा के अनुरूप नक्सलवाद के खिलाफ भी कार्रवाई की। लेकिन आने वाला एक वर्ष इस लिहाज से महत्वपूर्ण है कि इसी वर्ष यह स्पष्ट होने लगेगा कि सरकार को लेकर जनता में सत्ता विरोधी माहौल है या लोग सरकार की नीतियों से संतुष्ट हैं? पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के परिणामों का असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई देगा। इसी वर्ष यह भी स्पष्ट हो सकता है कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व सरकार और संगठन में किसी भी तरह के बदलाव को लेकर क्या रुख अपनाता है। मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार भी अगले एक वर्ष के दौरान होना है। मध्य प्रदेश में 2028 के विधानसभा चुनावों को लेकर जो भी तैयारियां या बदलाव होने हैं, वे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के विधानसभा चुनावों के बाद सामने आ जाएंगे। केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी फेरबदल और विस्तार होना है। मध्य प्रदेश से किन नए चेहरों को केंद्रीय मंत्रिमंडल में मौका मिलेगा, यह भी इसी वर्ष स्पष्ट हो जाएगा। इस समय पक्ष हो या विपक्ष, सबसे बड़ा असमंजस केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर है। संसद का मानसून सत्र अभी समाप्त नहीं हुआ है। इसलिए यह आशंका बनी हुई है कि सरकार कभी भी परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक को संसद में दोबारा ला सकती है। इसके लिए पर्दे के पीछे राजनीतिक गतिविधियां बहुत तेजी से चल रही हैं। राज्यों में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाए जाने की शर्त पर द्रविड़ मुनेत्र कड़गम ने इन विधेयकों का समर्थन करने की बात कही है, बशर्ते यह प्रावधान लिखित रूप में विधेयक में शामिल किया जाए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसद तथा शिवसेना (उद्धव ठाकरे) गुट के कई सांसद भी अपनी पार्टी से अलग हो चुके हैं। ऐसे स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि वे केंद्र के इन विधेयकों का समर्थन करेंगे। यदि केंद्र सरकार इन विधेयकों को संसद में लाती है और इन्हें पारित कराने में सफल हो जाती है, तो पूरे देश की राजनीति, विशेषकर उत्तर भारत में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आगामी विधानसभा चुनाव हों या 2029 का लोकसभा चुनाव, इन सभी चुनावों में सत्ता पक्ष का राजनीतिक विमर्श इन्हीं विधेयकों और महिला आरक्षण के इर्द-गिर्द रहेगा।