0-भुवनेश्वर में होम्योपैथी पर आयोजित राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में शामिल हुईं राष्ट्रपति, युवा चिकित्सकों से निरंतर सीखने और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का किया आह्वान
भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि होम्योपैथी की भावी विश्वसनीयता और अकादमिक प्रतिष्ठा काफी हद तक इसके वैज्ञानिक अनुसंधान की प्रामाणिकता तथा उससे प्राप्त नैदानिक साक्ष्यों की गुणवत्ता पर निर्भर करेगी। उन्होंने अनुसंधान संस्थानों, चिकित्सा महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और व्यावसायिक संगठनों से अनुसंधान की मजबूत संस्कृति विकसित करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
राष्ट्रपति मुर्मु बुधवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में होम्योपैथी पर आयोजित राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि होम्योपैथी भारत की विविधतापूर्ण स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। समय के साथ देश में इसका व्यापक संस्थागत विस्तार हुआ है। शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सेवा केंद्रों और जनस्वास्थ्य नेटवर्क के माध्यम से यह आम लोगों तक पहुंची है।
राष्ट्रपति ने कहा कि होम्योपैथी के विकास के साथ वैज्ञानिक अनुसंधान, शैक्षणिक उत्कृष्टता और पेशेवर जवाबदेही के प्रति अटूट प्रतिबद्धता भी जरूरी है। अनुसंधान कार्य उचित कार्यप्रणाली, सुव्यवस्थित नैदानिक अध्ययनों, व्यवस्थित दस्तावेजीकरण और पारदर्शी रिपोर्टिंग पर आधारित होने चाहिए। उन्होंने बहुकेंद्रित अध्ययनों, व्यवस्थित समीक्षाओं, साक्ष्यों के विश्लेषण, मौलिक अनुसंधान तथा विश्वसनीय नैदानिक आंकड़ा आधार विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि अनुसंधान की सीमाओं को स्वीकार करना, प्रतिकूल निष्कर्षों को भी सामने रखना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के अनुरूप ही निष्कर्ष निकालना बौद्धिक ईमानदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। होम्योपैथी पर आयोजित यह राष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन सार्थक अकादमिक संवाद, संस्थागत साझेदारी और भविष्य के लिए साझा दृष्टिकोण विकसित करने का उत्कृष्ट मंच है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, विशेषकर युवा शोधकर्ताओं और चिकित्सकों से इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने की अपील की।
राष्ट्रपति ने कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल शैक्षणिक योग्यता हासिल करने तक सीमित नहीं है। इसके लिए बौद्धिक अनुशासन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, ईमानदारी, संवेदनशीलता और जीवनभर सीखते रहने की प्रतिबद्धता भी आवश्यक है। उन्होंने होम्योपैथी के युवा चिकित्सकों से सवाल पूछने की प्रवृत्ति विकसित करने और निरंतर ज्ञान अर्जित करते रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों में जांच-पड़ताल करने का साहस, साक्ष्य तलाशने का धैर्य और नए ज्ञान को स्वीकार करने की विनम्रता होनी चाहिए। उन्हें यह हमेशा याद रखना चाहिए कि प्रत्येक रोगी के पीछे एक मनुष्य है, जिसकी अपनी आशाएं, आशंकाएं और गरिमा होती है।
डोनाल्ड ट्रंप भारत-चीन समेत 14 अन्य देशों पर नए टैरिफ लागू करने की बना रहे योजना
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि भारत जब ‘विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है, तब स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा इसके दो सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ बने रहेंगे। देश के संस्थानों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों और स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों को ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्माण में योगदान देना चाहिए, जो सभी के लिए सुलभ, न्यायसंगत, वैज्ञानिक दृष्टि से उत्तरदायी और संवेदनशील हो।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय सम्मेलन वैज्ञानिक संवाद को प्रोत्साहित करने, संस्थागत साझेदारियों को मजबूत बनाने और सक्षम, नैतिक तथा सामाजिक रूप से उत्तरदायी स्वास्थ्य सेवा पेशेवरों की नई पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
