बीजापुर। महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस (International Day for the Elimination of Violence Against Women)के अवसर पर आज जिला बीजापुर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा फुलोड पंचायत के मेडपाल ग्राम में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रताडऩा, छेड़छाड़, साइबर हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीडऩ तथा बाल विवाह जैसे अपराधों के खिलाफ जागरूक किया गया।
इस दौरान महिलाओं को बताया गया कि हिंसा सहना नहीं, उसके खिलाफ आवाज उठाना ही सशक्तिकरण है। साथ ही उन्हें महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर सखी, महिला थाना एवं पुलिस हेल्प डेस्क की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं ने शपथ ली कि वे स्वयं भी हिंसा का विरोध करेंगी और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करेंगी।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं बड़ी संख्या में बालिकाओं ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और हिंसा के खिलाफ 25 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक चलने वाले 16 दिवसीय अभियान जिले में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
