बलौदाबाजार। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान के तहत जिले के खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। किसान अपनी उपज लेकर केंद्रों में पहुंच रहे हैं और व्यवस्थित तरीके से धान का विक्रय कर रहे हैं।
इसी कड़ी में ग्राम रवान निवासी किसान सालिक राम वर्मा बुधवार को अपनी पांच एकड़ कृषि भूमि में उत्पादित धान बेचने भरसेली धान खरीदी केंद्र पहुंचे। उन्होंने बताया कि मगरवाय खार में उनकी पांच एकड़ जमीन है, जहां उन्होंने धान की फसल लगाई है। वर्मा ने खरीदी केंद्र में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सोसायटी में धान बेचने के लिए अच्छी व्यवस्था है।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ तक धान खरीदा जा रहा है, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल रहा है। सालिक राम वर्मा ने कृषक उन्नति योजना के तहत कम उत्पादन के कारण 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी अंतर की राशि देने की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उन किसानों के लिए महत्वपूर्ण है, जिनकी फसल का उत्पादन किसी कारण से निर्धारित सीमा से कम रह जाता है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
