घर बैठे ऑनलाइन टोकन से सुशील कुशवाहा ने बेचा 16 क्विंटल धान, आसान हुई प्रक्रिया

Follow Us

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ सरकार की ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से किसानों को धान विक्रय में सहूलियत मिल रही है। अब किसानों को टोकन लेने के लिए उपार्जन केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। वे घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर निर्धारित तिथि पर केंद्र पहुंचकर अपना धान बेच पा रहे हैं। इससे समय और श्रम की बचत हो रही है।

मरवाही विकासखंड की ग्राम पंचायत परासी के किसान सुशील कुमार कुशवाहा भी इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने के बाद वे परासी धान उपार्जन केंद्र में 16 क्विंटल धान बेचने पहुंचे। उनके अनुसार, इस व्यवस्था से धान विक्रय की प्रक्रिया पहले की अपेक्षा आसान हुई है और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली है।

कुशवाहा ने कहा कि किसान अपनी सुविधानुसार धान विक्रय की तैयारी कर निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्र पहुंच सकते हैं। इससे समय बचता है और किसान अपने दूसरे कृषि कार्यों पर भी ध्यान दे पाते हैं। उन्होंने कम उत्पादन होने की स्थिति में पात्र किसानों को अंतर की राशि दिए जाने की पहल की भी सराहना की। उनके अनुसार, इससे किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा। किसान सुशील कुमार कुशवाहा ने किसानों की सुविधा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के जरिए धान खरीदी की प्रक्रिया को सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।