किताबी ज्ञान से आगे बढ़े धमतरी के युवा, रायपुर में जाना तकनीक, उद्योग और रोजगार का नया संसार

Follow Us

धमतरी। युवाओं को किताबी ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीक, उद्योग और रोजगार की वास्तविक दुनिया से जोडऩे के उद्देश्य से धमतरी जिला प्रशासन ने अनूठी पहल की है। इसके तहत जिले के 100 युवा एम्बेसडर्स और 10 फैकल्टी सदस्यों को रायपुर के शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थानों के भ्रमण पर ले जाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने तकनीकी शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), स्टार्टअप, उद्यमिता और रोजगार की संभावनाओं को करीब से समझा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल पर आयोजित इस एक्सपोजर विजिट में पॉलिटेक्निक, पीजी कॉलेज, सिलौटी, आमदी और कुरूद सहित जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हुए। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के एआई सेंटर और विभिन्न तकनीकी प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। यहां उन्हें कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की जानकारी मिली।

विद्यार्थियों ने इनोव8, कुर्सी को-वर्किंग सेंटर, वर्की को-वर्किंग सेंटर, बीपीओ संस्थानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जाना कि किसी नए विचार को स्टार्टअप के रूप में कैसे विकसित किया जाता है, कंपनियां किस तरह काम करती हैं और विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के लिए किस तरह की शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल की जरूरत होती है। विद्यार्थियों को टीमवर्क, संचार कौशल, तकनीकी दक्षता और कार्यस्थल के वातावरण की भी जानकारी मिली। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने मरीन ड्राइव का भी अवलोकन किया।

भाजपा ने 36 हारी सीटों पर निगम-मंडल अध्यक्षों को कमान, ‘रेड-येलो-ग्रीन फार्मूला तय

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीक और उद्योग जगत की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव देना जरूरी है। ऐसे भ्रमण से विद्यार्थियों का दृष्टिकोण व्यापक होता है और उन्हें अपने करियर की दिशा तय करने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि आगामी भ्रमण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बीच की व्यावहारिक कड़ी से जोडऩा है। पहले समूह के भ्रमण के बाद अब अगले समूह को भी रायपुर ले जाने की तैयारी है। चरणबद्ध तरीके से अधिकाधिक विद्यार्थियों को ऐसे अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप भविष्य के करियर और उद्यमिता के नए विकल्प तलाश सकें।