खैरागढ़। खैरागढ़ के फुटबॉल खिलाड़ी अथर्व सिंह का चयन अंडर-19 बालक वर्ग की राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में आयोजित होगी, जिसमें अथर्व अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस उपलब्धि पर बुधवार को वेसलियन स्कूल, खैरागढ़ में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अथर्व के साथ उनके पिता अभिलेख सिंह और माता नीलू सिंह को भी सम्मानित किया गया। समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी उपेंद्र कुमार देवांगन ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अथर्व का चयन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अथर्व को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
