दिल्ली में 100 करोड़ की ड्रग्स बरामद, 26 तस्कर गिरफ्तार; चार विदेशी नागरिक भी शामिल

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 100 करोड़ रुपये कीमत की 11.50 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ ने पिछले छह महीनों में अलग-अलग अभियान चलाकर ड्रग्स तस्करी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस दौरान कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें चार विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क केवल दिल्ली तक सीमित नहीं था, बल्कि इसके तार दिल्ली-NCR के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और मणिपुर तक फैले हुए थे। इस पूरे नेटवर्क में कच्चे माल की आपूर्ति, हेरोइन बनाने और अलग-अलग राज्यों में नशे की खेप पहुंचाने का संगठित तंत्र काम कर रहा था।

डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल की निगरानी में जिला स्पेशल स्टाफ ने जांच के दौरान तस्करी के कई तरीकों का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, दूसरे राज्यों से अफीम का कच्चा माल लाकर हेरोइन तैयार की जाती थी। इसके बाद तैयार नशे की खेप दिल्ली-NCR पहुंचाई जाती थी और बाइक तथा स्कूटी के जरिए छोटी-छोटी मात्रा में पैडलरों तक सप्लाई की जाती थी। जांच में सामने आए एक बड़े नेटवर्क में झारखंड के चतरा से अफीम का कच्चा माल जुटाया जाता था, जबकि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हेरोइन तैयार की जा रही थी। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। लखनऊ स्थित फैक्ट्री में छापेमारी के दौरान 6.275 किलोग्राम हेरोइन के साथ रसायन और उपकरण बरामद किए गए। इस कार्रवाई में कुल 8.128 किलोग्राम हेरोइन, 12.81 लाख रुपये नकद और चार वाहन जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद हेरोइन की कीमत करीब 60 करोड़ रुपये है।

ड्रग्स तस्करी के एक अन्य मामले में पुलिस की जांच उत्तर प्रदेश के बरेली और बाराबंकी तक पहुंची। बुध विहार थाने में दर्ज मामले की जांच के दौरान शुरुआती गिरफ्तारियों से मिली जानकारी के आधार पर इन स्थानों पर छापेमारी की गई। जांच में उत्तर प्रदेश के रास्ते मणिपुर तक फैले नेटवर्क के संकेत मिले हैं। वहीं, साउथ रोहिणी थाने में दर्ज एक अन्य मामले में विदेशी नागरिकों के जरिए कोकीन की सप्लाई किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने सेनेगल के नागरिक सीन फाये को 17 ग्राम कोकीन के साथ गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के बाद नाइजीरिया के ओकोली और युगांडा की नसीमा अमीना उर्फ नालुबेगा मरियम को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 168 ग्राम कोकीन, 35,900 रुपये नकद, मशीनें, पैकिंग सामग्री, एक स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों, कच्चे माल के स्रोतों और सप्लाई नेटवर्क की पहचान करने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि विभिन्न राज्यों में सक्रिय तस्करों के बीच संपर्क कैसे स्थापित होता था और नशे की खेप दिल्ली तक किस तरह पहुंचाई जाती थी। छह महीने की कार्रवाई में सामने आए खुलासों से स्पष्ट हुआ है कि ड्रग्स का अवैध कारोबार कई स्तरों पर संचालित हो रहा था। पुलिस का लक्ष्य इस नेटवर्क की बाकी कड़ियों तक पहुंचकर पूरे तस्करी तंत्र को खत्म करना है।