दुर्ग। जिले में सोमवार को आगजनी की तीन अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। गिरधारीनगर में एक मकान के गैस सिलेंडर में आग लग गई, वहीं अरसनारा गांव की फैक्ट्री यूनिट आग की चपेट में आ गई। तीसरी घटना वायसेप ब्रिज पर हुई, जहां ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। तीनों घटनाओं की सूचना पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई।
पहली घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के गिरधारीनगर की है। यहां एक मकान में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायरमैन घर के अंदर पहुंचे और सिलेंडर में लगी आग बुझाई। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे संभावित विस्फोट का खतरा टल गया। इसके बाद सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और आसपास के क्षेत्र को भी सुरक्षित किया गया।
दूसरी घटना अरसनारा गांव की है, जहां एक फैक्ट्री की यूनिट में अचानक आग भड़क उठी। सूचना मिलने पर दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू किया। टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिया, जिससे लपटों को फैक्ट्री के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक दिया गया।
तीसरी घटना वायसेप ब्रिज पर हुई, जहां ओला इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने दमकल विभाग को सूचना दी। टीम ने पहुंचकर आग बुझाई और स्थिति को नियंत्रित किया।
एक ही दिन में जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर हुई आगजनी की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल रहा। दमकल विभाग की तत्परता से आग पर समय रहते काबू पाया गया और संभावित बड़े हादसों को टालने में मदद मिली।
