पति की याद में DU में शुरू हुई स्कॉलरशिप, हर साल दो छात्रों को मिलेंगे 1.02 लाख रुपये

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के बीकॉम ऑनर्स के मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने के लिए नई वार्षिक छात्रवृत्ति योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत एक छात्र और एक छात्रा को हर साल छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसकी शुरुआत दिवंगत प्रोफेसर जीसी माहेश्वरी की पत्नी रानी माहेश्वरी की ओर से दिए गए 21 लाख रुपये के योगदान से हुई है। विश्वविद्यालय के कुलपति ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रोफेसर जीसी माहेश्वरी की स्मृति में शुरू की गई इस योजना का नाम प्रोफेसर जीसी माहेश्वरी एनुअल मेमोरियल स्कॉलरशिप रखा गया है। इस छात्रवृत्ति के तहत वर्ष 2026 से 2036 तक चयनित छात्र और छात्रा को प्रत्येक वर्ष 51-51 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके बाद 2037 से 2046 तक छात्रवृत्ति की राशि बढ़ाकर 1.02-1.02 लाख रुपये सालाना कर दी जाएगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय का वाणिज्य विभाग हर साल मेमोरियल लेक्चर आयोजित करेगा। इसके लिए 2026 से 2036 तक सालाना 25 हजार रुपये और 2037 से 2046 तक 50 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

स्कॉलरशिप के लिए पात्रता की शर्तें
इस योजना का लाभ दिल्ली विश्वविद्यालय के कॉलेजों में नियमित रूप से बीकॉम ऑनर्स की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थी उठा सकेंगे। आवेदन के लिए हालिया सेमेस्टर में कम से कम 6.5 सीजीपीए और कॉलेज में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए आवेदक के परिवार की वार्षिक आय 5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। इसके बाद हर साल आय सीमा में 25 हजार रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। नकल, धोखाधड़ी या फर्जीवाड़े के मामलों में शामिल अथवा अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना कर चुके विद्यार्थी इसके पात्र नहीं होंगे। विश्वविद्यालय या किसी अन्य शिक्षण संस्थान, केंद्र अथवा राज्य सरकार और निजी संस्था से पहले से छात्रवृत्ति या फेलोशिप प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी आवेदन नहीं कर सकेंगे। हालांकि, फीस में छूट पाने वाले छात्र इस योजना के लिए पात्र होंगे। आवेदन की जानकारी संबंधित कॉलेज विद्यार्थियों तक पहुंचाएंगे। कॉलेज शैक्षणिक रिकॉर्ड, उपस्थिति, पारिवारिक आय और अनुशासन संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद आवेदन विश्वविद्यालय को भेजेंगे।

तीन सदस्यीय समिति करेगी चयन
प्राप्त आवेदनों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की जाएगी। इसमें वाणिज्य विभाग के प्रमुख एवं डीन, छात्र कल्याण डीन या उनके नामित प्रतिनिधि और यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली फाउंडेशन के सीईओ शामिल होंगे। समिति पात्र विद्यार्थियों के नामों की सिफारिश करेगी। चयनित छात्र-छात्राओं को वार्षिक मेमोरियल लेक्चर के दौरान छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

कौन हैं रानी माहेश्वरी?
रानी माहेश्वरी दिल्ली विश्वविद्यालय के दिवंगत प्रोफेसर जीसी माहेश्वरी की पत्नी हैं। उन्होंने अपने पति की स्मृति को जीवित रखने और विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग देने के उद्देश्य से 21 लाख रुपये का योगदान दिया है। रानी माहेश्वरी प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड में पर्सनल ऑफिसर के पद पर कार्य कर चुकी हैं। वह शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों में भी योगदान देती रही हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पहले वह दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी (DTU) में भी आर्थिक सहयोग दे चुकी हैं। अब DU में उनके इस योगदान से शुरू हुई छात्रवृत्ति मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा जारी रखने में मदद करेगी।