दिल्ली में थाने के अंदर पुलिसकर्मियों पर हमले की दूसरी घटना, 2022 में भी चाकू से घायल हुए थे 6 जवान

Follow Us

नई दिल्ली। दिल्ली में थाने के भीतर पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमले की घटना तीन साल बाद फिर सामने आई है। सोमवार को पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पारिवारिक विवाद के सिलसिले में पूछताछ के लिए बुलाए गए नबील ने अचानक पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। आरोपी थाने से भागने के बाद भी पुलिस टीम पर हमला करता रहा, जिसमें चार अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए। इससे पहले 22 जून 2022 को शाहदरा के साइबर क्राइम थाने में भी इसी तरह की घटना हुई थी। उस समय भारत भाटी नाम का व्यक्ति थाने में वीडियो बना रहा था। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की, तो उसने अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड घायल हुए थे। हालांकि, पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया था।

सोमवार को हुई घटना में नबील को उसकी मां और बहन की शिकायत पर पारिवारिक विवाद के संबंध में थाने बुलाया गया था। पूछताछ के दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर हमला किया और वहां से फरार हो गया। भागने के दौरान उसने स्कूटी भी छीन ली। पुलिस ने चितली कबर इलाके में उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने वहां भी पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिससे चार अन्य जवान घायल हो गए। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।